406 प्राथमिक स्कूलों में आयोजित होंगे स्वास्थ्य जांच शिविर
तीन से पांच वर्ष के बच्चों की हाइट और वजन आदि की होगी जांच
प्रत्येक स्कूल में शिविर आयोजन पर खर्च होंगे 1500 रुपये, मिलेगा स्वास्थ्य लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला के 406 प्राथमिक स्कूलों में तीन से पांच वर्ष तक के बच्चों की सेहत जांची जाएगी। जांच के दौरान बच्चों की हाइट, वजन, दांतों, कुपोषण आदि की जांच होगी। स्कूलों में स्वास्थ्य शिविर आयोजन को लेकर 1500 रुपये का बजट जारी किया गया है।
स्कूल प्रमुख स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ विद्यार्थियों के लिए जांच का आयोजन करेंगे। जांच के दौरान बीमार, कुपोषित बच्चों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा जाएगा। जहां निशुल्क दवाइयों के साथ उनका उपचार किया जाएगा।
वहीं, स्कूलों में स्वास्थ्य जांच शिविरों के दौरान बैठकों का आयोजन भी होगा, जिसमें बच्चों की माताओं को भी बच्चों की सेहत के बारे में बताया जाएगा। स्वास्थ्य उपचार के बाद स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए प्राथमिक चिकित्सा उपचार, एंटीबायोटिक दवाइयां और विश्राम कक्ष की उचित व्यवस्था होगी। स्वास्थ्य स्वच्छता शिविर के उपरांत विभिन्न बीमारियों पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान स्कूलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर औचक निरीक्षण करेगा। प्रत्येक स्कूल में प्राथमिक चिकित्सा उपकरण बैंडेज, कॉटन, डेटोल, कैंची, एंटीबायोटिक, सैनिटाइजर के साथ प्राथमिक चिकित्सा बॉक्स उपलब्ध होना सुनिश्चित किया जाएगा।
कोट
प्राथमिक स्कूलों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच के लिए शिविरों का आयोजन किया जाएगा। स्कूलों को इस संदर्भ में निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
-भवानी सिंह, मीडिया प्रभारी, डाइट गौना करौर