हमीरपुर। अब राशन कार्ड धारक स्वयं भी घर बैठे ई-केवाईसी कर सकते हैं। जिन उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी बायोमीट्रिक मशीन से नहीं हो पाई है, वह राशन कार्ड धारक ई-केवाईसी पीडीएस एचपी एप से ई-केवाईसी कर सकते हैं।
जिला में अभी तक 86 फीसदी राशनकार्ड धारकों की ई-केवाईसी हुई है। इस एप के माध्यम से इस प्रतिशतता में इजाफा होगा। राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पिछले अढ़ाई सालों से जारी है, लेकिन काफी लाभार्थी शिक्षा, रोजगार सहित अन्य कारणों के चलते प्रदेश से बाहर हैं। इस कारण इन लाभार्थियों की ई-केवाईसी नहीं हो पा रही है। अब खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और सरकार की ओर से ई-केवाईसी पीडीएस एचपी एप तैयार किया है। इस एप को एंड्रॉयड फोन पर डाउनलोड किया जाएगा। उसके उपरांत तमाम औपचारिकताओं को अपनाकर राशन कार्ड धारक अपना तथा अपने परिवारजन की ई-केवाईसी करवा सकते हैं।
डिपुओं के माध्यम से सस्ते राशन के वितरण में पारदर्शिता लाने के लिए राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी करवाई जा रही है। बार-बार करने के बावजूद भी 100 फीसदी ई-केवाईसी करवाने का लक्ष्य पूर्ण नहीं हो पा रहा है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक अरविंद शर्मा ने कहा कि जिले में अभी तक 86 फीसदी राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी हुई है। उन्होंने कहा कि ई-केवाईसी पीडीएस एचपी एप तैयार की गई है। इस एप के माध्यम से ई-केवाईसी करना सुविधाजनक हो गया है। राशन कार्ड धारक घर बैठे ही अपने बच्चों और वृद्धजनों की ई-केवाईसी कर सकते हैं।