हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर में संपत्ति की पैमाइश सर्वे पूरा होने के साथ ही शहरवासियों को हाउस नंबर आवंटित किए जाएंगे। नगर निगम में वार्डबंदी और संपति सर्वे पूरा होते ही शहरियों के मकानों को विशिष्ट पहचान मिल सकेगी।
वार्डों के लोगों के वर्षों पुराने रिकॉर्डों को भी बदला जाएगा। सर्वे के दौरान संबंधित कंपनी डोर-टू-डोर आकर लोगों की संपत्ति की पैमाइश करके उन्हें हाउस नंबर भी अलॉट करेगी। इससे शहरवासियों को किसी प्रकार का कोई ऑनलाइन सामान मंगवाने, कुरियर और डाक से पत्राचार करने में आसानी रहेगी। हाउस नंबर की मदद से कुरियर और डाक आसानी से सही पत्ते तक पहुंच सकेगा।
निगम की ओर से वार्डबंदी के दौरान शहर में पूर्व में बने हुए वार्डों को विभाजित कर नए क्षेत्रों को जोड़ा गया है और वार्डों का नाम भी अलग रखा गया है। ऐसे में कार्य के दौरान लोगों को फार्म आदि भरने में परेशानी न हो, इसके लिए पैमाइश के साथ ऑनलाइन पोर्टल पर जानकारी के साथ हाउस नंबर दिया जाएगा, ताकि कार्य को शीघ्र पूर्ण किया जा सके।
वर्तमान में 15 वार्डों में एरियल सर्वे (भूमि की जांच) ड्रोन की सहायता से जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) से मैपिंग की जा रही है। इसके बाद जैसे ही शहर का पूरा नक्शा तैयार हो जाएगा, तो सर्वे करने वाली कंपनी घर-घर जाकर लोगों की संपत्ति का पता लगाएगी और घरों की नंबरिंग से लोगों को काफी फायदा मिलेगा और ऑनलाइन सामान मंगवाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कोट
वार्डों में ड्रोन से मैपिंग की जा रही है। मैपिंग कार्य पूरा होने के बाद कंपनी घर-घर जाकर लोगों की संपत्ति की जांच करेगी, इसके साथ ही घरों की नंबरिंग भी की जाएगी। सर्वे पूरा होने के साथ ही हर व्यक्ति को हाउस नंबर अलॉट हो जाएगा। इस डाटा से नगर निगम को भी सही जानकारी होगी और नए बनने वाले भवनों की भी जानकारी मिल सकेगी।
-अभिषेक कुमार गर्ग, आयुक्त, नगर निगम, हमीरपुर