कांगू (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन में किसी भी सरकार ने आज तक पार्किंग की समस्या का हल नहीं निकाला है। इस कारण स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों की सरकारों ने यहां पार्किंग बनाने के वायदे किए, लेकिन वायदे मूर्त रूप नहीं ले सके।
नादौन शहर में पार्किंग की समस्या ज्वलंत मुद्दा बना हुआ है। एनएच किनारे हर समय वाहन पार्क रहते हैं। इस कारण जाम की स्थिति भी बनी रहती है। इसका खामियाजा चालकों को पुलिस द्वारा किए चालान के रूप में भरना पड़ता है। शहरवासियों राकेश, दीपक, शौकी राणा, सुनील राणा, दिनेश चौधरी, अजय शर्मा, मनोज शर्मा, संजीव गुमार, तनुज कुमार, विनय कुमार, आशीष मैहरा, दीपक कुमार, मुन्ना आदि ने कहा कि नादौन में पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान न होने से लोगों को मजबूर होकर अपने वाहनों को सड़क के किनारे खड़ा करना पड़ता है। कई बार ऐसे वाहनों के कारण जाम भी लग जाता है।
नादौन शहर की इस समस्या को कई बार शहरवासी स्थानीय प्रशासन और सरकारों के सामने उठा चुके हैं। मगर अभी तक कोई स्थान ही चिह्नित नहीं हो सकता है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने नादौन में पार्किंग बनाने के लिए उचित स्थान चिह्नित करने के आदेश दिए हैं। इसके बाद शहर में तीन-चार बार जगह का निरीक्षण किया गया, परंतु वर्ष बाद भी योजना धरातल पर नहीं उतरी है।
उधर, एसडीएम नादौन अपराजिता चंदेल ने कहा कि सरकार के आदेशानुसार नादौन शहर में पार्किंग बनाने के लिए दो-तीन स्थानों का निरीक्षण कर लिया गया है। जल्दी ही इन स्थानों में से एक स्थान चयनित करके पार्किंग बनाने के लिए सरकार को प्रपोजल भेज दी जाएगी।