चैकी गांव में सिलेंडर भरवाने के लिए उमड़ी लोगों की भीड़। स्रोत : जागरूक पाठक
नादौन(हमीरपुर)। ग्राम पंचायत भदरोल पंचायत के गांव जड़ौत भदरोल में पिछले करीब तीन सप्ताह से रसोई गैस की सप्लाई नहीं हुई है, जिससे उपभोक्ताओं में रोष है। लोग रसोई गैस की समस्या से परेशान हैं।
बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा नादौन के अध्यक्ष देशराज दड़ोच ने कहा कि गांव जड़ौत भदरोल आदि क्षेत्रों में हर शनिवार को रसोई गैस की सप्लाई आती है, लेकिन पिछले करीब तीन सप्ताह से इस क्षेत्र में रसोई गैस की सप्लाई नहीं आई है। शनिवार को भी रसोई गैस लेकर आई गाड़ी जड़ौत से एक स्टेशन पीछे मानपुल के पास चैकी गांव में पहुंची तो गाड़ी के इंतजार में बैठे लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई और देखते ही देखते सभी सिंलिंडर खत्म हो गए।
पिछले शनिवार को भी गैस की सप्लाई वाली गाड़ी दूसरे रूट से आई और गौना करौर तक ही सिलेंडर खत्म हो गए। इसके चलते जड़ौत भदरोल गांव वालों को काफी इंतजार के बाद भी रसोई गैस के खाली सिलिंडर लेकर घर को वापस आना पड़ा। उन्होंने प्रशासन और सरकार से आग्रह किया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस की सप्लाई नियमित की जाए अन्यथा लोगों को सड़कों पर उतरने पर विवश होना पड़ेगा।