हमीरपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर में शनिवार को वार्षिक तकनीकी महोत्सव निंबस 2025 के लिए भव्य ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. एचएम सूर्यवंशी, रजिस्ट्रार डॉ. अर्चना नानोटी और तकनीकी गतिविधियों के प्रभारी डॉ. राकेश शर्मा उपस्थित रहे।
संस्थान के निदेशक प्रो. एचएम सूर्यवंशी ने कहा निंबस 2025 केवल तकनीकी नवाचारों का उत्सव नहीं है, बल्कि यह छात्रों के रचनात्मकता और कौशल को निखारने का एक मंच है। यह कार्यक्रम छात्रों को सीखने, नवाचार करने और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करता है। तकनीकी गतिविधियों के प्रभारी डॉ. राकेश शर्मा ने कहा कि एनआईटी हमीरपुर में निंबस 11 से 13 अप्रैल 2025 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई रोमांचक और बौद्धिक गतिविधियां शामिल होंगी।
इस दौरान नवाचार और रचनात्मकता पर आधारित प्रदर्शनी (इननोविजन), रोबोटिक मुकाबले की प्रतियोगिता (रोबोवॉर्स), रिमोट-नियंत्रित कार रेसिंग (आरसी कार्स), स्टार्टअप्स के बीच विचार और अनुभवों का आदान-प्रदान (स्टार्टअप समिट) होंगे। निंबस उत्तर भारत के सबसे प्रतिष्ठित तकनीकी महोत्सवों में से एक है, जो नवाचार, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देता है। ओरिएंटेशन प्रोग्राम के दौरान निंबस 2025 की थीम ऑरोरा भविष्य की ओर द्वार घोषित की गई। इस अवसर पर आधिकारिक थीम सांग भी लांच किया गया।
कार्यक्रम में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (एसआईएच) 2024 के विजेताओं अभिषेक दुहारिया, सौमित्र टंडन, मोहित चौधरी, बित्तू कुमार, विपुजा अत्री और सुजीत आदर्शी को सम्मानित किया गया।