कांगड़ा बैंक से लेकर टौणीदेवी देवी स्कूल तक सड़क का स्तर सही न होने से आक्रोश
दुकानदार बोले- सर्वे के हिसाब से सही तरीके से नहीं हो रहा निर्माण कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणीदेवी (हमीरपुर)। एनएच 03 का कार्य लंबे समय से जारी है। कार्य की धीमी गति से स्थानीय लोग और दुकानदार परेशान हैं। उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। टौणी देवी अस्पताल चौक से कांगड़ा बैंक तक सड़क का स्तर 5 से 7 फुट नीचा कर दिया है। कांगड़ा बैंक से लेकर टौणीदेवी देवी स्कूल तक सड़क का स्तर सही न होने से दुकानदारों में रोष पनप रहा है। दुकानदारों का कहना है कि डीपीआर के हिसाब से सड़क का स्तर कांगड़ा बैंक से टौणी देवी स्कूल तक 7 से 10 फुट किया जाना चाहिए था लेकिन संबंधित विभाग ऐसा नहीं कर रहा है। दुकानदारों ने एनएच विभाग व जिला प्रशासन से मांग की है कि कांगड़ा बैंक से लेकर टौणी देवी स्कूल तक सड़क का स्तर 7 से 10 फुट नीचा किया जाए। एनएच साइट इंजीनियर सुशील कुमार का कहना है कि अस्पताल चौक से लेकर कार्य होगा। इससे सड़क 600 एमएम ऊपर तक उठेगी। कांगड़ा बैंक व टौणी देवी स्कूल तक उसी हिसाब से ही सड़क को डाउन किया जाएगा।
बॉक्स
दुकानदारों का कार्य प्रभावित
-जल्द से जल्द सड़क का काम शुरू किया जाए। विभाग डीपीआर के हिसाब से कांगड़ा बैंक से टौणी देवी स्कूल तक 7 से 10 फीट तक सड़क का स्तर नीचा करे और टौणी देवी बाजार का कार्य समाप्त किया जाए। ..नीलम संजीव
-विभाग इस मामले में बड़ी सुस्ती से कार्य कर रहा है। छोटे दुकानदारों का तो धंधा पिछले 2 साल से कम हो गया है। विभाग व सरकार कोई कदम नहीं उठा रही है। इस समय स्थिति ऐसी है कि लोन की किस्त भी समय से नहीं दे पा रहे हैं। -मदन लाल
-अभी दशहरा और दीपावली का सीजन आने वाला है। सड़क की हालत खस्ता है। लोग दुकान में आने से भी कतरा रहे हैं। विभाग को चाहिए कि कार्य को जल्द खत्म करें ताकि लोगों को राहत मिले।-विनोद कुमार
-टौणीदेवी माता मंदिर के पास डीपीआर और सर्वे के हिसाब से सड़क के लेवल और चौड़ाई का काम सही तरीके से किया जाए। दुकानदारों का कहना है कि बाजार से नेशनल हाईवे को तुरंत क्लीयर किया जाए। दुकानदारों को एनएच कंपनी परेशानी में न डाले। करीब दो साल से टौणी देवी का व्यापार नेशनल हाईवे निर्माण की वजह से ठप पड़ा है। -राज कुमार