अमर उजाला इंपैक्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणी देवी (हमीरपुर)। कस्बा टौणी देवी में मेले से पूर्व एनएच निर्माण कंपनी ने सड़क पर पड़ा मलबा उठा लिया है। 13 जून को अमर उजाला में यह मामला प्रमुखता से उठाने के बाद विभाग और एनएच निर्माण कंपनी हरकत में आई तथा सड़क के किनारे पड़े मलबे को उठाना शुरू कर दिया। कंपनी की ओर से सहयोग करने पर स्थानीय व्यापारियों सुनील चौहान, अमरनाथ चौहान, करतार चंद, सरवन कुमार, संजय चौहान, अनिल कुमार, संसार चंद, सोनी, रमेश ठाकुर ने आभार व्यक्त किया।
पिछले दो साल से टूटी दुकानों और धूल मिट्टी के बीच व्यापार कर रहे टौणी देवी के व्यापारी इस बार भी मेले को लेकर परेशान दिख रहे थे। टौणी देवी का मेला 23 जून को है लेकिन यहां एनएच निर्माण का कार्य अभी भी अधूरा पड़ा हुआ है। कई जगह डंगे लगने हैं तो कई जगह खोदाई के बाद निर्माण कंपनी मलबा उठाना ही भूल गई है। टौणी देवी हॉस्पिटल चौक से लेकर माता मंदिर चौक तक हालात ज्यादा खराब हैं। टौणी देवी का ऐतिहासिक मेला हर साल 23, 24 जून को धूमधाम से मनाया जाता है। मंदिर में माथा टेकने हजारों श्रद्धालु आते हैं। मेले में व्यापार के लिए भी सैकड़ों दुकानदार सड़क के दोनों ओर अस्थायी दुकानें लगाते हैं। मेले में हजारों की भीड़ जुटती है लेकिन एनएच निर्माण के चलते पिछले दो साल से टौणी देवी के व्यापारी परेशान हैं।