टौणी देवी (हमीरपुर)। एनएच 03 निर्माण कार्य के दौरान निर्माण कंपनी ने टौणी देवी के ऊहल चौक पर सड़क का महत्वपूर्ण हिस्सा तोड़ दिया। निर्माण कंपनी ने सड़क के इस हिस्से को तोड़ने की लोक निर्माण विभाग से अनुमति ही नहीं ली।
जैसे ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को यह जानकारी मिली, उन्होंने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रुकवा दिया। वहीं, सड़क को नुकसान पहुंचाने पर निर्माण कंपनी के खिलाफ नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। यह सड़क काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि करीब 26 पंचायतों को यह सड़क जोड़ती है। इन पंचायतों में टपरे, भटेड़, बजरौल, कक्कड़ आदि शामिल हैं।
एनएच निर्माण कंपनी की इस कारगुजारी का ग्राम पंचायत टपरे, उहल, भटेड़, पौहज, बजरौल, कक्कड़, उटपुर पंचायत के प्रधानों और उपप्रधानों ने भी विरोध जताया। ग्राम पंचायत गुवारडू की पंचायत प्रधान सरोज, वार्ड पंच अनीता, पौहज पंचायत प्रधान रीना देवी, भटेड़ पंचायत के प्रधान प्रकाश चंद, उपप्रधान अनिल कुमार ने बताया कि कंपनी लोगों के हितों को ध्यान में रखकर कार्य नहीं कर रही है। पानी की पाइपों को भी कई बार कंपनी ने तोड़ दिया है, जिस कारण लोगों का काफी मुश्किलें आईं। उन्होंने कहा कि 26 पंचायतों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण सड़क पर अब लोगों को आवाजाही में भी दिक्कत होगी।
कोट
ऊहल चौक पर सड़क का कुछ हिस्सा एनएच 03 निर्माण कंपनी ने बिना अनुमति के तोड़ा है। मौके पर जाकर काम को रुकवाया गया है। पुलिस चौकी टौणी देवी में एनएच निर्माण कंपनी के दो अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दी है। सड़क के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। नियमों के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-देवराज भाटिया, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग मंडल, टौणी देवी
एनएच 03 निर्माण कार्य के दौरान ऊहल में एनएच कंपनी ने तोड़ा सड़क का हिस्सा। स्रोत : संवाद