हमीरपुर। जिला के 703 स्कूलों को अब पुराने बजट का ब्योरा देने के बाद ही नया बजट मिलेगा। नया बजट लेने के लिए स्कूल प्रमुखों को पुराने बजट का ब्योरा देना होगा। बजट का ब्योरा प्रबंधन पोर्टल पर अपडेट होगा।
पोर्टल पर डाटा अपडेट न होने के कारण स्कूलों को दूसरी किस्त का बजट जारी नहीं होगा। प्रथम किस्त में जारी बजट को खर्च करने के बाद ही स्कूलों को दूसरी किस्त का बजट जारी किया जाएगा। अधिकांश स्कूलों में समय पर बजट राशि खर्च नहीं की जाती है और सत्र के अंत में गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिसके चलते विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विभाग की ओर से बजट मॉनिटरिंग के लिए पोर्टल पर गतिविधियों का डाटा अपडेट करने का निर्णय लिया है, ताकि समय पर गतिविधियों का आयोजन किया जा सके। जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर की ओर से शैक्षणिक सत्र 2024-25 के मध्य 703 स्कूलों को स्कूल प्रबंधन समिति की बैठकों और सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजन के लिए बजट राशि जारी की गई है, लेकिन अधिकांश स्कूलों ने बजट राशि के तहत सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन नहीं किया है।
ऐसे में 28 फरवरी को आयोजित होने वाले शिक्षा संवाद के लिए स्कूलों को बजट राशि जारी न करने का निर्णय लिया है। बजट राशि लेने के लिए स्कूल प्रमुखों को पहले पूर्व में प्रथम किस्त के तहत जारी हुई बजट राशि का ब्योरा देना होगा। ब्योरा देने के बाद ही स्कूलों को नया बजट जारी होगा।
कोट
एसएमसी और सामुदायिक सहभागिता के तहत जारी बजट राशि का ब्योरा अपडेट करने के बाद ही स्कूलों को 28 फरवरी को प्रस्तावित शिक्षा संवाद के लिए बजट की दूसरी किस्त जारी होगी। शिक्षकों को समय पर बजट राशि को खर्च करना होगा, तभी दूसरी किस्त का बजट जारी होगा।
-सुनील कुमार, समन्वयक, जिला सामुदायिक सहभागिता