जिला परिषद् की ओर से करवाए गए कार्यों की समीक्षा बैठक जिप अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिला परिषद सदस्यों के अतिरिक्त संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रूपाली ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहीं।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में चलने वाली बसों, सड़कों के किनारे की जा रही खुदाई तथा सड़कों में गड्ढ़ों, पेयजल आपूर्ति तथा पेयजल भंडरण को ढकने को लेकर चर्चा की गई। साथ ही राजकीय महाविद्यालय कंज्याण में पुलिस चौकी खोलने और महाविद्यालय के पास खोले गए शराब ठेका को बंद करने का मुद्दा भी जोर शोर से उठा।
इतना ही नहीं शराब ठेका को बंद करने के लिए स्थानीय लोग और विद्यार्थी भी कई बार मांग कर चुके हैं। ऐसे में बैठक में शराब ठेका को तुरंत बंद करने की मांग की गई। साथ ही कृषि, बागवानी एवं अन्य विभागों द्वारा किसानों और बागवानों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
साथ ही योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए लगाए जाने वाले शिविरों को जिला परिषद सदस्यों और पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को समयबद्ध सूचना देने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान जिप उपाध्यक्ष चंदू लाल चौधरी, जिप सदस्य वीना कपिल, ईशा कुमारी, अरविंद्र कौर रानी, लेखराज, पवन कुमार, संगीता कुमारी, सिंपल, वीरेंद्र आदि मौजूद रहे।