जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में फायरिंग का प्रशिक्षण लेते हुए एनसीसी कैडेट
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जवाहर नवोदय विद्यालय डूंगरी में 4 एचपी (आई) कंपनी एनसीसी हमीरपुर की ओर से चल रहे 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिन गर्ल्स कैडेट (जेडब्ल्यू, एस डब्ल्यू) ने कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एसएस रावत के सूक्ष्म निरीक्षण में पॉइंट 22 राइफल से अचूक निशाने लगाना सीखे।
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एसएस रावत ने बताया कि कैडेट से फायरिंग करवाने का प्रमुख लक्ष्य है कि कैडेट्स हथियार से परिचित हो जाएं और हथियार का डर उनके मन से निकल जाए। इसके साथ ही साथ कैडेट्स ने फायरिंग पोजिशन, सेक्शन फॉर्मेशन के प्रकार और आवश्यकता, मैप रीडिंग में मैप क्या है? इसकी आवश्यकता क्यों होती है। कंपास की सहायता से उत्तर दिशा की पहचान, प्रेरणा, मनोबल, टीम -भावना, एनजीओ और उनके समाज के लिए योगदान इत्यादि विषयों के बारे में एनसीसी के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए जानकारी प्राप्त की।
शुक्रवार दिन की शुरुआत 6:30 पर पीटी के साथ हुई। जिसमें कैडेट्स ने दौड़ के साथ-साथ अन्य कई तरह के व्यायाम किए और बाद में ड्रिल परेड में खुली लाइन चल, निकल लाइन चल, तेज चल और तेज चल में दाएं-बाएं-पीछे मुड़ की ट्रेनिंग ली। सारी दिनचर्या कैडेट्स को प्रेरित, प्रशिक्षित और संगठित नागरिक बनाने के लिए शिविर में शामिल की गई है।