इंद्रपाल चौक नादौन के साथ निर्माणाधीन खेल परिसर। संवाद
हमीरपुर। खेल परिसर नादौन में जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त अत्याधुनिक जिम्नेजियम का निर्माण किया जाएगा। इस नई सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के खिलाड़ियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
परियोजना के तहत खेल परिसर की पहली मंजिल पर हाईटेक जिम स्थापित किया जाएगा, जिसमें हर आयु वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे।
खेल विभाग ने जिम्नेजियम के लिए उपकरणों की खरीद प्रक्रिया से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। जिम्नेजियम न केवल खिलाड़ियों की फिटनेस और प्रदर्शन को बेहतर बनाने में सहायक होगा, बल्कि आम नागरिकों को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अत्याधुनिक जिम में कार्डियो मशीनों जैसे ट्रेडमिल, क्रॉस ट्रेनर और स्टेशनरी साइकिल के अलावा स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के लिए वेट मशीनें, डंबल्स, मल्टी जिम स्टेशन सहित कई आधुनिक उपकरण उपलब्ध होंगे।
साथ ही योग और स्ट्रेचिंग के लिए अलग स्थान भी निर्धारित किया जाएगा, ताकि बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी अपनी आवश्यकता के अनुसार इसका लाभ उठा सकें।
कोट
खेल परिसर की प्रथम मंजिल पर जिम्नेजियम के निर्माण को लेकर सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई है। शीघ्र ही उपकरणों की खरीद प्रक्रिया शुरू होगी। जिम्नेजियम में खिलाड़ियों के साथ स्थानीय लोगों को बेहतरीन सुविधाएं मिलेंगी।
-राकेश धौता, जिला खेल अधिकारी