हमीरपुर, नादौन। स्वच्छता सर्वेक्षण-2024-25 शहरी में नगर निगम हमीरपुर इस बार पिछड़ गया है। नगर निगम हमीरपुर वर्ष 2023 के मुकाबले नौवें स्थान से 48वें स्थान पर पहुंच गई है। सर्वेक्षण में नगर निगम हमीरपुर इस बार सीधे 39 पायदान लुढ़क गई है। स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर की सड़कें, सीवरेज, पानी और सफाई व्यवस्था आदि जांची जाती है। शहरी विभाग ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2024-25 की वीरवार को रिपोर्ट जारी की है। जिले में एक नगर निगम, दो नगर परिषद और तीन नगर पंचायतें हैं। हालांकि दो नगर पंचायतों का गठन हाल ही में किया गया है।
सर्वे में नगर परिषद नादौन आठवें स्थान से प्रदेशभर में दूसरे, नगर परिषद सुजानपुर 17वें स्थान से 18वें और नगर पंचायत भोटा 11वें स्थान से 17 वें पायदान पर लुढ़क गया है। सर्वेक्षण के लिए आई केंद्रीय टीम ने शहरवासियों से फीडबैक लिया और सार्वजनिक स्थानों और शौचालयों का निरीक्षण किया। प्रदेशभर में नगर निगम हमीरपुर ने टाप 10 में जगह बनाई थी, लेकिन इस बाद रैंकिंग में गिरावट से स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। शहर में घर-घर कूड़ा उठाने की योजना को लागू किया गया है। शहर पूरी तरह से डस्टबिन फ्री भी है। बावजूद इसके स्वच्छता सर्वेक्षण के कई मानकों पर जिले का सबसे बड़ा नगर निकाय खरा नहीं उतरा है।
कोट
स्वच्छता सर्वेक्षण-2024-25 की कोई भी रिपोर्ट कार्यालय में नहीं आई है। सर्वे में जिन बिंदुओं पर रैकिंग गिरी है। उसकों लेकर संतुष्ट नहीं हैं।-राम प्रसाद, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम हमीरपुर।