राहगीरों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
कांगू (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन में अतिक्रमणकारी हावी हो गए हैं। बाजार और गलियों में दुकानदारों ने रास्ते में ही सामान सजा दिया है। इससे राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, नगर पंचायत व प्रशासन भी अतिक्रमण को पूरी तरह से हटाने में बेबस नजर आ रहे हैं। लोग कई बार नादौन बाजार में हो रहे अतिक्रमण के लिए स्थानीय प्रशासन को अवगत करवा चुके हैं और कई बार इस मुद्दे को उठाया जा चुका है कि शहर में अतिक्रमण की ओर प्रशासन विशेष रूप से ध्यान दें।
शहर की गलियां काफी संकरी हैं और यहां पर अतिक्रमण के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं, विपरीत स्थिति में यदि शहर में आग की घटना होती है तो बाजार में वाहन का गुजरना भी मुश्किल है। मुख्य सड़क के अलावा अन्य रास्ते काफी छोटे हैं जहां से बड़ी गाड़ी लेकर जाना असंभव है परंतु अपनी दुकानदारी के चक्कर में दुकानदार ऐसी बातों को भूल जाते हैं कि दुर्घटना होने पर सहायता की आवश्यता होती है। इस बारे में नगर पंचायत के सचिव हर्षित ने कहा कि अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।