करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली महत्वाकांक्षी राफ्टिंग कांप्लेक्स परियोजना निचले हिमाचल के पर्यटन को नई पहचान देगी। परियोजना में आधुनिक टनल एक्वेरियम भी बनाया जाएगा, जिससे नादौन साहसिक और मनोरंजक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा।
एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) से वित्तपोषित इस परियोजना के निर्माण के लिए जल्द टेंडर जारी होने जा रहा है। पुराने एसडीएम कार्यालय के समीप ब्यास नदी के किनारे बनने वाला पांच मंजिला राफ्टिंग कांप्लेक्स प्रदेश की सबसे आधुनिक पर्यटन परियोजनाओं में शामिल होगा।
कांप्लेक्स की सबसे ऊपरी मंजिल से 21 मीटर लंबा ग्लास स्काई वॉक बनाया जाएगा, जो करीब 25 मीटर की ऊंचाई पर ब्यास नदी के ऊपर तक पहुंचेगा। पारदर्शी फर्श वाले इस कांच के पुल पर चलते हुए पर्यटक नीचे बहती ब्यास की लहरों और आसपास की प्राकृतिक वादियों का रोमांचक दृश्य देख सकेंगे। इसी मंजिल पर आधुनिक रेस्टोरेंट भी विकसित किया जाएगा। परियोजना में 150 वाहनों की पार्किंग, राफ्टिंग के लांचिंग व लैंडिंग प्वाइंट, चेंजिंग रूम, लॉकर, दो प्रशिक्षण हॉल, राफ्टिंग म्यूजियम, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट और सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था होगी। घाट का सौंदर्यीकरण और आकर्षक लाइटिंग भी की जाएगी, जिससे नादौन को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने की तैयारी है।