हमीरपुर। बस अड्डा नादौन को अब नया रूप दिया जाएगा। नगर परिषद ने बस अड्डा के समीप जमीन तलाश ली है। अब भूमि को लेकर राजस्व विभाग, सिविल सप्लाई आदि विभागों से एनओसी से संबंधित कार्य चला हुआ है, जिससे शीघ्र ही इस योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा।
पुराने बस अड्डा का दायरा केवल सात कनाल तक सीमित है, ऐसे में अक्सर बस चालकों को काफी परेशानी होती है। अब नई योजना के तहत इसका दायरा बढ़ाकर 30 कनाल तक किया जाएगा। इससे न केवल बसों को खड़ा करने के लिए अधिक स्थान उपलब्ध होगा, बल्कि यहां पर व्यापार को बढ़ावा देने के लिए दुकानों का भी निर्माण किया जाएगा।
नादौन बस स्टैंड का निर्माण कई वर्ष पूर्व किया गया था। समय परिवर्तन के साथ यहां पर बसों की संख्या में बढ़ोतरी तो होती रही, लेकिन बस स्टैंड का विस्तार नहीं हो पाया। इसके चलते अब बसों की आवाजाही के लिए यह बस स्टैंड का दायरा कम हो गया है। ऐसे में नए बस स्टैंड के निर्माण की अधिक आवश्यकता है। अधिकारियों की मानें तो इसके बाद वन विभाग को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
कोट :
नादौन का बस स्टैंड नगर परिषद के तहत बनाया गया है। यह काफी पुराना है तथा सात कनाल भूमि में फैला हुआ है। इसका अब विस्तार किया जाएगा। इसे अब 30 कनाल भूमि में बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि तलाश ली है और एनओसी लेकर आगामी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
-रमन कुमार, सचिव, नगर परिषद हमीरपुर