हमीरपुर। मेरे शहर के 100 रत्न हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से क्रैक अकादमी के सहयोग से शुरू किया गया एक व्यापक छात्रवृत्ति एवं मुफ्त कोचिंग कार्यक्रम है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 100 मेधावी छात्रों का चयन कर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग प्रदान की जाती है।
इसके तहत जिलेभर से पांच विधानसभा क्षेत्र से 500 विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग की सुविधा मिलेगी। कोचिंग के लिए निजी और सरकारी स्कूलों के 1000 के करीब विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।
अब पंजीकृत विद्यार्थियों की 29 मई को 134 केंद्रों पर परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को निजी अकादमी के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग लेने में सुविधा मिलेगी।
परीक्षा के आयोजन को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। परीक्षा में नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। परीक्षा में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 100-100 विद्यार्थियों को चयनित किया जाएगा।
कोट
निजी और सरकारी स्कूलों के प्रभारियों को परीक्षा में बढ़-चढ़ कर भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थी परीक्षा में भाग ले सकें। परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को निशुल्क कोचिंग मुहैया करवाई जाएगी।
-नवीन शर्मा, उपनिदेशक, डीपीओ एवं गुणवत्ता शिक्षा नियंत्रक, हमीरपुर