हमीरपुर। जिला न्यायालय परिसर में दोनाली और दराट लेकर हुड़दंग मचाने के आरोपी पूर्व सैनिक पर पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। मंगलवार को आरोपी को एसडीएम कोर्ट में पेश कर जमानत मिलने के बाद पुलिस ने न्यायालय परिसर में हथियार लेकर घुसने के मामले में दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
अब आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। सोमवार को हुई इस घटना के बाद जिला न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए हैं।
मंगलवार को न्यायालय परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ने के बावजूद मौके पर लापरवाही भी सामने आई। थाना प्रभारी कुलवंत राणा जब न्यायालय परिसर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तो एक पुलिस कर्मी मोबाइल फोन में व्यस्त मिला, जबकि दूसरा मुंह ढककर सुस्त अवस्था में बैठा पाया गया। इस पर थाना प्रभारी ने मौके पर ही दोनों को कड़ी फटकार लगाई। संवाद