बाजार से लेकर बस अड्डे तक नहीं लग पाईं लाइटें
लाइटें न होने से रात्रि समय में लोगों को हो रही दिक्कत
लोगों ने नगर परिषद से लाइटों को स्थापित करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के मुख्य बाजार और बस अड्डा में रात्रि समय में लोगों को आवाजाही करने मेें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्षों बाद भी सुजानपुर बाजार और बस अड्डे में स्ट्रीट लाइटें नहीं लग पाई है। ऐसे में राहगीरों और यात्रियों को रात्रि समय में परेशान होना पड़ रहा है। लाखों रुपये खर्च करने के बाद चौगान में एक बड़ी स्ट्रीट लाइट लगाई गई है लेकिन आस पास स्ट्रीट लाइटों के बंद होने के चलते समस्या बनी हुई है। सार्वजनिक स्थानों की स्थिति अवगत न होने के चलते लोगों को समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा है। नगर परिषद हमीरपुर की ओर से कई वर्ष पूर्व वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लगवाने के लिए खंभे स्थापित किए गए थे ताकि स्ट्रीट लाइटें लगवाई जा सकें लेकिन आज तक वार्डों में लाइटें नहीं लग पाई हैं। ऐसे में रात्रि समय में दुकानदारों और राहगीरों को परेशान होना पड़ रहा है।
शहरवासियों विजय कुमार, रघुनाथ, सीमा देवी, सुषमा, रीना, गौरव, सुशील, रविंद्र चंदेल आदि ने कहा कि स्ट्रीट लाइटें न होने से शाम होते ही वार्डों में अंधेरा पसरा रहता है। बरसात के मौसम में अंधेरे के कारण सांपों आदि का खतरा भी बना रहता है। वे कई बार वार्डों में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करवाने और अतिरिक्त लाइटें लगवाने की मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लोग सुबह और रात के समय सैर करने के लिए जाते हैं लेकिन लाइट न होने के कारण अंधेरे में चलना मुश्किल होता है। सड़क पर अंधेरा होने के कारण गड्ढे भी नजर नहीं आते। उन्होंने नगर परिषद से समस्या का समाधान करने की मांग की है। इस बारे में नगर परिषद सुजानपुर की अध्यक्ष शकुंतला देवी ने कहा कि स्ट्रीट लाइटों को समय-समय पर चेक किया जाएगा, ताकि रात्रि के समय मुख्य बाजार और बस स्टैंड पर अंधेरा न रहे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि यदि किसी वार्ड में लाइट आदि की समस्या है तो उसकी शिकायत नगर परिषद के कार्यालय में जरूर दर्ज करवाएं ताकि समस्या का समाधान किया जा सके।