दो माह तक कंपनी ने निर्माण कार्य किया है बंद
अब बारिश के दौरान राहगीरों, वाहन चालकों को हो रही दिक्कत
बरसात से पूर्व कंपनी ने टौणी देवी से ऊहल चौक तक की है खोदाई
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणीदेवी (हमीरपुर)। निर्माणाधीन एनएच तीन हमीरपुर-मंडी वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बारिश के बाद सड़क पर वाहनों को ले जाना तो दूर पैदल चलने में भी राहगीर खासे परेशान हो रहे हैं। निर्माण कार्य में लगी कंपनी की ओर से बरसात के चलते कार्य को तो रोक दिया है लेकिन टौणी देवी से ऊहल चौक तक सड़क की खोदाई करके पक्का नहीं किया गया है। बारिश के दौरान सड़क पर जगह-जगह पानी जमा हो रहा है। इससे दुकानदारों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर रोज दोपहिया वाहन सवारों के वाहन दलदल में स्किड होकर कीचड़ में गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों रविंद्र कुमार, रामलाल, दीनानाथ, रमेश चंद, प्रकाश, भूपेंद्र, दीपक, राजनाथ आदि ने कहा कि करीब दो वर्ष पूर्व इस सड़क को बनाने का कार्य शुरू हुआ था। कोट से मंडी के पारछू पुल तक 40 किलोमीटर सड़क को बनाने के लिए 223 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। इसे तैयार करने की अवधि का समय करीब तीन वर्ष का है, लेकिन जिस गति से कार्य चला हुआ है उससे यह कार्य निर्धारित समय अवधि में पूरा होना नामुमकिन है। कंपनी की ओर से कार्य को लेकर सुस्ती बरती जा रही है। निर्माण कार्य रोकने से पूर्व ही कंपनी की ओर से खोदाई का कार्य किया गया जो ग्रामीणों के लिए परेशानी बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से समस्या का समाधान करने की मांग की है। इस बारे में निर्माण कार्य में लगी कंपनी के सुपरवाइजर श्रीकांत ने कहा कि बरसात के चलते निर्माण कार्य को रोका गया है। बरसात के बाद कार्य को शुरू करवा दिया जाएगा ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।