नगर परिषद सुजानपुर टीहरा की टीम मुख्य बाजार में दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के बारे में जागरू
सुजानपुर (हमीरपुर)। शहर के मुख्य बाजार में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद सुजानपुर टीहरा सख्त हो गई है। वीरवार को कार्यकारी अधिकारी हर्षित शर्मा की अगुवाई में नगर परिषद की टीम ने पुलिस बल के साथ मुख्य बाजार का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान कई दुकानदारों की ओर से दुकानों की तय सीमा यानी शटर से बाहर सामान, डमी और साइन बोर्ड लगाए मिले। टीम ने मौके पर ही सड़क के बाहर रखा सामान, डमी और साइन बोर्ड जब्त किए और दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की हिदायत दी।
पिछले कुछ समय से मुख्य बाजार में दुकानों के बाहर फुटपाथ और सड़क तक सामान सजाने की शिकायतें मिल रही थीं। इससे संकरे बाजार में पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। कई जगह दुकानों के बाहर सामान रखने से दुपहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही थी।
कार्यकारी अधिकारी हर्षित शर्मा ने कहा कि कोई भी दुकानदार दुकान की निर्धारित सीमा से बाहर सामान न रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य के निरीक्षण में सड़क या नाली के ऊपर सामान रखा मिला तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद ने दुकानदारों से बाजार की व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की आवाजाही में बाधा न डालने की अपील की।