हमीरपुर। डेेढ़ माह बीत जानेे के बाद भी नगर निगम हमीरपुर में स्ट्रीट लाइटों का टेंडर नहीं हो पाया है। टेंडर न होने से शहर में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था चरमरा गई हैं।
नगर निगम हमीरपुर के लगभग सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइटें पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ी हैं, लेकिन इन्हें ठीक नहीं करवाया जा रहा है। इससे लोगों को रात के समय आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा। प्रत्येक वर्ष निगम की ओर अप्रैल माह में लाइटों का टेंडर करवाया जाता है, लेकिन इस बार टेंडर को लेकर कोई भी कार्रवाई नहीं हो पाई है।
शहरवासियों बलदेव, स्वर्णा देवी, जया, रेखा कुमार, विक्रम परमार, राकेश राणा, प्रदीप कुमार आदि ने कहा कि समस्या के बारे में निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक हल नहीं हो पाया है। शहर की लाइटें रात के बजाय दिन में जल रही हैं। वहीं, रात को अंधेरे से जहां महिलाओं और बच्चों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
इसके अलावा चोरियों का खतरा भी बढ़ गया है। निगम के 11 वार्डों में 3300 के करीब लाइटें हैं। लाइटों के रखरखाव का कार्यभार कंपनी संभालती थी, लेकिन अब अनुबंध खत्म होने के बाद समस्या गंभीर हो गई है, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
कोट
लाइटों की व्यवस्था को लेकर शीघ्र टेंडर प्रक्रिया होगी। लाइटों की व्यवस्था को लेकर कोई भी शिकायत नहीं आई है। मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा। शीघ्र ही नई कंपनी को टेंडर बांटा जाएगा, ताकि काम सुचारू रूप से चल सके।
-अभिषेक कुमार गर्ग, आयुक्त नगर निगम, हमीरपुर