स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में मौजूद उपायुक्त व अन्य विभागों के अधिकारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने मंगलवार को हमीर भवन में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों एवं अभियानों से संबंधित जिलास्तरीय समितियों की बैठक की अध्यक्षता की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। जिला क्षय रोग उन्मूलन समिति एवं इससे संबंधित अन्य दो समितियों की बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि हमीरपुर जिले को क्षय रोग यानी टीबी मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से अन्य विभागों के सहयोग से व्यापक अभियान चलाया गया है और इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिला हमीरपुर को पिछले वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक मिला था। इस कार्यक्रम के अंतर्गत सराहनीय उपलब्धियों तथा यहां टीबी के रोगियों की संख्या में 60 फीसदी से अधिक की गिरावट को देखते हुए इस वर्ष जिला हमीरपुर की रैंकिंग में और भी सुधार की उम्मीद है।
उपायुक्त ने बताया कि जिले की इन उपलब्धियों के आकलन तथा सब नेशनल टीबी फ्री सर्टिफिकेशन के लिए इस वर्ष 21 फरवरी से सात मार्च तक जिले के किन्हीं 10 गांवों में सर्वे किया जाएगा। इस सर्वे के लिए टीमों का गठन कर लिया गया है। इन टीमों के वॉलंटियर्स के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिला में एचआईवी पॉजिटिव लोगों को एआरटी सेंटर के माध्यम से सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। एचआईवी एड्स से पीड़ित लोगों के बच्चों के लिए भी वित्तीय मदद का प्रावधान किया गया है।