हमीरपुर। ग्राम पंचायत ललीण के टुकलेहड़ा निवासी बलिदानी सिपाही गरीबू राम के परिवार को देश के लिए दिए बलिदान के 61 वर्ष बाद राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। 16 अगस्त को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय समर स्मारक में आयोजित समारोह में भारतीय सेना और भारत सरकार की ओर से उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।
इसी कड़ी में बुधवार को विधायक सदर आशीष शर्मा ने गांव पहुंचकर शहीद के भाई जुल्फी राम और परिवार को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान 15 डोगरा रेजीमेंट में तैनात 25 वर्षीय गरीबू राम बलिदान हो गए थे।
उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने से परिवार के साथ पूरा क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। गरीबू राम का विवाह बलिदान से करीब दो वर्ष पहले रोशनी देवी से हुआ था। उस समय उनकी उम्र 18 वर्ष थी। पति के बलिदान के बाद रोशनी देवी ने पुनर्विवाह नहीं किया और पूरा जीवन उनकी स्मृतियों के साथ बिताया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक जुल्फी राम, शकुंतला देवी, रीना देवी, करण कुमार शर्मा, राजकुमार, कांता देवी सहित अन्य परिजन मौजूद रहे। पंचायत प्रधान सोनिका और उपप्रधान रोहित शर्मा ने सम्मान मिलने पर खुशी जताई।