नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत घलूं पंचायत के घलूं गांव में चोरों ने दो सगे भाइयों के घरों में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने दोनों घरों से सोने और चांदी के गहनों के साथ-साथ कुछ नगदी भी चुरा ली है।
राजेश कुमार और सतीश कुमार नाम के दोनों भाई शुक्रवार को पूरे परिवार के साथ एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ गए थे, जिससे घर पर कोई नहीं था। उनके साथ उनकी बहन भी चंडीगढ़ गई थी, जो कि घलूं गांव में अपने भाइयों के साथ रहती है। रविवार को जब उनकी बहन चंडीगढ़ से वापस आई, तो उसने देखा कि उसके भाइयों के घर के ताले टूटे हुए हैं।
चोरी का पता तब चला जब उनकी बहन पास स्थित भाई के घर में साफ-सफाई करने गई और अंदर जाकर देखा कि काफी सामान चोरी हुआ है। उन्होंने तुरंत राजेश और सतीश को इसकी सूचना दी, जिन्होंने नादौन पुलिस को इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की छानबीन शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह चोरी किसी ऐसे व्यक्ति ने की है, जिसे यह पता था कि पूरा परिवार दो दिनों के लिए घर से बाहर है। थाना प्रभारी नादौन बाबूराम शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।