लदरौर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत करहा के अंतर्गत अपर करहा श्मशानघाट के समीप लोगों की सुविधा के लिए लगाए गए बेंच शनिवार सुबह उल्टे पड़े मिले। ग्रामीणों ने जब मौके पर बेंचों की यह स्थिति देखी तो नाराजगी जताई।
गौर हो कि शरारती तत्व पहले भी इन बेंचों को उखाड़कर उल्टा कर चुके हैं। बार-बार सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं से ग्रामीणों में रोष है।पंचायत की ओर से ये बेंच सुबह-शाम सैर करने वाले ग्रामीणों और बुजुर्गों की सुविधा के लिए लगाए गए थे, ताकि वे कुछ देर बैठकर आराम कर सकें।
इसी रास्ते से गांव की अधिकतर महिलाएं और लड़कियां बावड़ी से पानी लाने के लिए भी आती-जाती हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकत को ग्रामीणों ने निंदनीय बताया है।
बेंचों के आसपास शराब की खाली बोतलें, प्लेटें और गिलास भी पड़े हुए मिले। ग्रामीणों ने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने के बजाय उनका संरक्षण किया जाना चाहिए। पंचायत की ओर से लोगों की सुविधा के लिए लगाए गए बेंचों को बार-बार नुकसान पहुंचाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
ग्राम पंचायत करहा की प्रधान सुनीता देवी ने कहा कि बेंचों को नुकसान पहुंचाने की घटना को गंभीरता से लिया जाएगा। इस मामले में कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, ताकि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।