हमीरपुर। चैरिटेबल अस्पताल भोटा में चल रहे समर्पित कोविड हेल्थ सेंटर को वन मंत्री राकेश पठानिया के आदेशों के बावजूद आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर के नए भवन में शिफ्ट नहीं किया गया है। मंत्री ने गत शनिवार को हमीरपुर में अपने दौरे के दौरान लोनिवि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को 7 दिसंबर तक कोविड हेल्थ सेंटर को जल्द भोटा से हमीरपुर शिफ्ट करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने लोनिवि को आयुर्वेदिक अस्पताल भवन का कार्य दो दिन के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए थे, लेकिन डेडलाइन के तीन दिन बाद अस्पताल भवन का कार्य पूरा नहीं हुआ है।
अस्पताल भवन में सफेदी और रैंप पर वेल्डिंग का कार्य चला हुआ है। इस भवन का निर्माण करीब ढाई करोड़ रुपये से किया गया है। चैरिटेबल अस्पताल भोटा में जिला का समर्पित कोविड हेल्थ सेंटर चल रहा है। इससे चैरिटेबल अस्पताल भोटा की ओपीडी व आईपीडी बंद हो गई हैं। क्षेत्र के लाखों लोग इस अस्पताल का लाभ ले रहे थे लेकिन, अस्पताल में कोविड हेल्थ सेंटर बनने के बाद यहां पर उपचार करवाने आने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। हमीरपुर सहित जिला बिलासपुर, ऊना व मंडी के लाखों लोग इस अस्पताल में उपचार करवाते हैं। इसके चलते लोगों ने सरकार से भोटा से कोविड हेल्थ सेंटर को शिफ्ट करने की मांग उठाई थी।
जिस पर जिला स्वास्थ्य विभाग ने आयुर्वेदिक अस्पताल के नए भवन का प्रपोजल सरकार को भेजा। इसकी स्वीकृति सरकार ने दी और नौ नवंबर को अधिसूचना जारी कर समर्पित कोविड हेल्थ सेंटर को भोटा से आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। अधिसूचना के एक माह बाद और मंत्री के आदेशों के बावजूद अभी तक कोविड हेल्थ सेंटर को शिफ्ट नहीं किया गया है। इस संबंध में नोडल अधिकारी और मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के एमएस डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि लोनिवि में एक सप्ताह के भीतर काम पूरा करने को कहा है। जैसे ही लोनिवि कार्य पूरा करेगा, कोविड हेल्थ सेंटर को शिफ्ट कर दिया जाएगा। एक तल में बिस्तर लगा दिए गए हैं, जबकि वेंटिलेटर और दूसरे तल के बिस्तर भोटा अस्पताल से ही आएंगे।