Mid-day meal budget reached in the schools of the district, relief to the teachers
हमीरपुर। जिलाभर के 473 प्री-प्राइमरी स्कूलों के पास शैक्षणिक सत्र 2022-23 का मिड-डे मील का बजट पहुंच गया है। इससे स्कूल प्रबंधकों पर छोटी कक्षाओं के लिए खर्च का अतिरिक्त बोझ घट गया है। स्कूलों को यह बजट आधा शैक्षणिक सत्र बीत जाने के बाद उपलब्ध हुआ है। इससे पूर्व अधिकांश स्कूल उधार या अपनी जेब से खर्च करके प्री-प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों को खाना उपलब्ध करवा रहे थे। मिड-डे मील का बजट अक्तूबर माह के दूसरे सप्ताह में ही स्कूलों को प्राप्त हुआ है।
अब स्कूल प्रबंधकों को विद्यार्थियों के लिए खाना उपलब्ध करवाने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्कूलों में प्री प्राइमरी कक्षाओं के शुरू होने पर स्कूलों में अत्यधिक परेशानी झेलनी पड़ रही थी। स्कूल प्रबंधकों का कहना है कि स्कूलों में मिड-डे मील का खर्च पहुंचने से उन्हें काफी राहत मिली है। वहीं, शिक्षा विभाग की ओर से यदि यह राशि प्रत्येक माह समय पर डाली जाती है तो उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रधान नरेश कुमार ने बताया कि मिड-डे मील की बजट राशि स्कूलों में पहुंच चुकी है। बजट न आने से स्कूलों में विद्यार्थियों को खाना उपलब्ध करवाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया इस समय पीएम पोषण योजना के तहत प्रतिदिन एक बच्चे के लिए खाने की राशि 4.90 रुपये निर्धारित की गई है, जो एक बच्चे के लिए बहुत कम है।
इस संदर्भ में प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक कुलभूषण राकेश का कहना है कि जिलाभर के सभी प्री-प्राइमरी स्कूलों को मिड-डे मील की राशि जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही बजट राशि उनके पास पहुंचती है, स्कूलों को यह राशि जारी कर दी जाती है।