हमीरपुर। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन योजना का जिले में त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया है। जिले में 42437 पात्र परिवारों को इस योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा है। कोरोना कर्फ्यू के दौरान 162874 जरूरतमंद लोगों तक निशुल्क राशन उपलब्ध करवाने की दृष्टि से यह योजना वरदान साबित हो रही है।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत चयनित राशन कार्डधारक इस योजना के लिए पात्र हैं जो योजना के माध्यम से 5 किलो अनाज मुफ्त में प्राप्त कर सकते हैं। योजना के तहत मई और जून में यह अन वितरित किया जा रहा है। इस योजना की विशेष बात यह है कि पात्र राशनकार्ड में जितने लोगों के नाम दर्ज हैं, उनमें से प्रत्येक सदस्य को 5 किलो अनाज (जिसमें तीन किलोग्राम गेहूं और दो किलोग्राम चावल) प्रदान किया जा रहा है। यह अनाज प्रतिमाह मिलने वाले अनाज से अलग होगा। जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले शिवराम राही ने बताया कि योजना के तहत जिले में मई माह के लिए गंदम का 501 मीट्रिक टन का आवंटन किया गया है। यह गंदम सभी डिपो होल्डर्स को आगे पात्र परिवारों को वितरण के लिए भेजा जा चुका है। इस माह के अंतिम सप्ताह तक इसका वितरण पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं, मई माह के लिए जिला को इस योजना में 353 मीट्रिक टन चावल का आवंटन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन योजना के अंतर्गत जून माह के लिए जिले को 486 मीट्रिक टन गंदम और 342 मीट्रिक टन चावल का आवंटन फिलहाल किया गया है। इसकी लिफ्टिंग की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
इनसेट...
आवश्यक दिशानिर्देश जारी : देबश्वेता
उपायुक्त देबश्वेता बनिक ने कहा कि सरकार के निर्देशों के अनुसार जिले में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन योजना के सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और लोगों को समय पर इस योजना का लाभ प्रदान करने के लिए खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग को आवश्यक दिशानिर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों से योजना का लाभ उठाने का आह्वान किया है।