निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के साथ प्रस्तावित आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण में लगे मजदूर। संवाद
रंगस (हमीरपुर)। निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज के दो मंजिला आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसको मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस ऑडिटोरियम की धरातल मंजिल पर पार्किंग की सुविधा होगी। इससे आगंतुकों और कॉलेज स्टाफ को वाहन खड़ा करने में कोई परेशानी नहीं होगी।
ऑडिटोरियम भवन की पहली मंजिल पर कैफेटेरिया और आधुनिक फिल्म थिएटर की तर्ज पर दर्शक दीर्घा बनाई जाएगी, जबकि दूसरी मंजिल पर 1,000 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम तैयार होगा। इस ऑडिटोरियम में मेडिकल कॉलेज की आधिकारिक बैठकों के साथ ही अन्य सामाजिक और राजनीतिक आयोजन भी आसानी से आयोजित किए जा सकेंगे।
ऑडिटोरियम के निर्माण पर 14.68 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सितंबर 2024 में इसका कार्य ठेकेदार को आवंटित किया गया, जिसे मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके साथ ही लगती भूमि पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य आवास का निर्माण कार्य भी शुरू होगा, जिसके लिए 95 लाख रुपये का बजट तय किया गया है। टाइप-6 मानकों के अनुसार बनने वाले इस आवास में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। दोनों परियोजनाओं का शिलान्यास मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर दौरे के दौरान किया।
कोट
आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य पूरी तरह से लोक निर्माण विभाग की निगरानी में करवाया जा रहा है। जिसमें गुणवत्ता के साथ-साथ निर्माण कार्य में तेजी से करने के बारे भी ठेकेदार को कहा गया है। ताकि अति शीघ्र सभागार भवन को प्रशिक्षण लेने वाले डॉक्टरों को समर्पित किया जा सके।
पंकज कौशल, सहायक अभिंयता, लोक निर्माण विभाग नादौन।
निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के साथ प्रस्तावित आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण में लगे मजदूर। संवाद