मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में लगाया गया मेडिकल संबंधी नोटिस। संवाद
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में अब साढ़े तीन बजे के बाद किसी भी व्यक्ति का मेडिकल नहीं बनेगा। अस्पताल प्रबंधन ने इस नियम के बारे में जानकारी देने के लिए काउंटर पर नोटिस भी लगा दिया है।
प्रबंधन के नए नियम के अनुसार साढ़े तीन बजे के बाद आने वाले लोगों के मेडिकल पर हस्ताक्षर नहीं किए जाएंगे। इसके अलावा मेडिकल बनवाने के लिए लगाए जाने वाले दो फोटो एक जैसे होना अनिवार्य है। बिल कटवाने के बाद ही मेडिकल पर स्टांप लगाई जाएगी।
मेडिकल कॉलेज में सुबह साढ़े नौ बजे से शाम चार बजे तक सेवाएं मिलती हैं। अस्पताल में मेडिकल बनवाने के लिए दिनभर कतारें लगी रहती हैं, जिससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि साढ़े तीन बजे के बाद किसी भी व्यक्ति का मेडिकल नहीं बनेगा। अस्पताल में लोग विभिन्न कार्यों के लिए मेडिकल बनवाने पहुंचते हैं, जिन पर अस्पताल के एमएस के हस्ताक्षर और स्टांप लगाई जाती है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने बताया कि साढ़े तीन बजे तक मेडिकल बनवाने की सुविधा इसलिए बंद की गई है क्योंकि पहले से आए हुए मरीजों का कार्य पूरा करने में ही समय लग जाता है। इसके अलावा, अस्पताल में कर्मचारियों की भी कमी है, जिससे सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में दिक्कतें आ रही हैं।
सेवाओं में सुधार की उम्मीद
इस नए नियम से मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी, लेकिन लोगों को यह सुनिश्चित करना होगा कि वे मेडिकल बनवाने के लिए साढ़े तीन बजे से पहले ही मेडिकल कॉलेज पहुंच जाएं। प्रबंधन का मानना है कि इस निर्णय से सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और मरीजों को समय पर सुविधा मिल सकेगी।