मार्च में जिले के कई डिपुओं में नहीं हो पाई आपूर्ति
दिल्ली में किसान आंदोलन के कारण नहीं पहुंच पाए ट्रक
जिला हमीरपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली से मिलता है पांच लाख लोगों को लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिलेभर में जिन उपभोक्ताओं को मार्च में सस्ती दालें नहीं मिल पाई हैं, उनको अप्रैल में दो माह का कोटा एक साथ दिया जाएगा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य की दुकानों पर हर माह दालें, चीनी, आटा, तेल, चावल, गेहूं आदि वितरित किया जाता है, लेकिन मार्च में अभी तक जिले के कई डिपुओं में दालें नहीं पहुंच पाईं। दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के कारण सामान को लेकर आ रहे ट्रक पांच से छह दिन लेट हो गए हैं। इससे कई डिपुओं में दालों नहीं मिल पाई हैं। ऐसे में इन लोगों को अप्रैल में दालों का डबल कोटा दिया जाएगा। जिला हमीरपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पांच लाख लोगों को सस्ते राशन का लाभ मिलता है।
उपभोक्ताओं सुरेश कुमार, विजय कुमार, मधु, किशन कुमार आदि ने कहा कि डिपुओं में जब मार्च का राशन लेने गए तो कहा गया कि इस माह दालें नहीं आई हैं। ऐसे में बार-बार डिपुओं के चक्कर काटने को मजबूर होना पड़ता है। कई जगहों पर तो उचित मूल्य की दुकानें बहुत दूर होती हैं। ऐसे लोग गाड़ी आदि करके यहां पहुंचते हैं लेकिन उन्हें भी बार-बार आने में परेशानी होती है। इस बारे में खाद्य आपूर्ति निगम के एरिया प्रबंधक संजीव ने कहा कि जिन डिपुओं में इस माह दाल नहीं मिली है, वहां के उपभोक्ताओं को अप्रैल में मार्च व अप्रैल दोनों का कोटा मिलेगा। गोदामों में दालें आ गई हैं।