संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन/रंगस (हमीरपुर)। नादौन थाना पुलिस ने चिट्टा तस्करी के मुख्य सरगना को लुधियाना से धरा है। इस आरोपी के खिलाफ प्रदेश के कई थानों में चिट्टा बरामद करने के मामले दर्ज होने की आशंका है।
पुलिस आरोपी के रिकार्ड को वेरीफाई कर रही है। ऐसे में आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। पांच दिन पूर्व झलान क्षेत्र से 10 ग्राम चिट्टे के साथ पकडे़ गए युवक योगेश से मिले इनपुट पर पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।
पूर्व संपर्कों के आधार पर मुख्य सरगना साजन को लुधियाना के न्यू सुंदरनगर से मंगलवार रात को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान इनपुट मिलने पर जाल बिछाकर साजन को पंजाब के लुधियाना से उसके घर से दबोचा गया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की रडार पर था, लेकिन वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था।
नादौन थाना की पुलिस टीम ने मुस्तैदी से आरोपी पर नजर बनाए हुई थी, जिसके चलते उसे पकड़ने में सफलता मिली है। आरोपी को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नादौन अनुज वहल की अदालत में बुधवार को पेश किया गया। आरोपी को अदालत ने दो-दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। साथ ही 17 जनवरी के दिन झलाण क्षेत्र से 10 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए अन्य युवक योगेश का भी एक दिन का अतिरिक्त पुलिस रिमांड लिया है।
18 जनवरी को नादौन में तीन युवकों से चार ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इन सभी मामलों के तार आपस में जुड़ रहे हैं। ऐसे में पुलिस हर पहलू की बारिकी से जांच कर रही है। आरोपियों के संपर्कों के साथ वित्तीय लेनदेन की भी जांच में पुष्टि हुई है।