दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को गुजरात के जूनागढ़ स्थित गंगा आश्रम रुपायेतन के गद्दीनशीन महंत कमल गिरी महाराज अपने शिष्यों सहित पहुंचे। उन्होंने पवित्र गुफा में माथा टेककर बाबा बालक नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
महंत कमल गिरी ने कहा बाबा बालक नाथ का जन्म प्राचीन काठियावाड़ वर्तमान गुजरात के जूनागढ़ के निकट हुआ था। लंबे समय तक विभिन्न स्थानों पर भ्रमण और तपस्या करने के बाद बाबा बालक नाथ प्रदेश पहुंचे और दियोटसिद्ध की पावन गुफा को अपनी तपोस्थली बनाया।
यहीं उन्होंने वर्षों तक कठोर साधना की और सिद्धियां प्राप्त कीं। इसी कारण जूनागढ़ को बाबा जी की जन्मभूमि और दियोटसिद्ध को उनकी सिद्धभूमि के रूप में जाना जाता है। यही आध्यात्मिक संबंध आज भी दोनों क्षेत्रों को जोड़ता है। संवाद