गांधी चौक हमीरपुर में समातना मंदिर कमेटी की ओर से निकाली गई शोभा यात्रा में प्रस्तुति देते कला
भव्य शोभायात्रा से दिया दशहरा उत्सव का निमंत्रण
जिला मुख्यालय में शिवपुरी धाम दशहरा उत्सव आयोजन को लेकर निकाली झांकियां
शिवपुरी धाम समताना में कल होगा भव्य दशहरा उत्सव
मंदिर कमेटी ने जिलाभर में निकाली शोभा यात्रा, झांकियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। शिवपुरी धाम समताना में दशहरा उत्सव आयोजन को लेकर वीरवार को जिलाभर में भव्य शोभायात्रा के साथ झांकियां निकाली गईं। इस कड़ी में दोपहर बाद जिला मुख्यालय में भव्य शोभायात्रा निकाल कर लोगों को दशहरा उत्सव के निमंत्रण दिया गया। समताना शिव मंदिर में आध्यात्मिक गुरु शेखर सुमन के मार्गदर्शन में नवरात्र महोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया।
बड़ी संख्या में भक्तजन समताना शिवपुरी में नवरात्र पर विशेष पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचे। ऐसे में वीरवार को दुर्गा अष्टमी पूजन के बाद मंदिर कमेटी सदस्यों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने जिलाभर में राम-लक्ष्मण, शिव भगवान, गणेश आदि की झांकियों सहित शोभायात्रा निकाली। इस दौरान शिव तांडव भी पेश किया गया। शोभा यात्रा समताना शिवपुरी धाम से होते हुए बिझड़ी वाया मैहरे, सलौणी, भोटा, मट्नसिद्ध, बाईपास से होते हुए जिला मुख्यालय में स्थित गांधी चौक पर पहुंची। यहां पर कलाकारों ने सड़क पर शिवलिंग स्थापित करके भगवान शिव की लीलाओं पर प्रस्तुतियां दीं। आधे घंटे तक प्रस्तुतियां देने के बाद कलाकार मंदिर की ओर से रवाना हुए और विभिन्न कस्बों में भगवान राम की गाथा सुनाई। इस दौरान गांधी चौक में कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। मंदिर में 12 अक्तूबर को विशाल दशहरा पर्व आयोजित होगा। मंदिर कमेटी के महासचिव जनक सिंह ढटवालिया ने कहा कि मंदिर में दशहरा पर्व आयोजन को लेकर जिलाभर में शोभा यात्रा निकाली गई।