जोलसप्पड़ में पलटा टाइलों से लदा टेंपो।
- फोटो : Hamirpur-HP
रंगस (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के जोलसप्पड़ में निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पास रविवार दोपहर को टाइलों से लदा एक टेंपो पलट गया। यह टेंपो तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलटा है। हादसे में सड़क किनारे खड़े निर्माण कार्य में लगे एक व्यक्ति को चोटें आई हैं। उसे एंबुलेंस में मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, टेंपो चालक और सहायक को चोटें नहीं आई हैं।
रविवार को टाइलों से लदा टेंपो चंडीगढ़ से नादौन की ओर से जा रहा था। दोपहर करीब 12 बजे तीखे मोड़ पर टेंपो पलट गया। इससे टेंपो के साथ टाइलें भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। यही नहीं सड़क किनारे कॉलेज के निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों ने अपने दोपहिया वाहन भी खड़े कर रखे थे, उनमें से दो मोटरसाइकिल भी टेंपो के नीचे दबने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जांच अधिकारी एएसआई सतनाम वालिया ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर रवाना हो गई है। निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार ने घायल व्यक्ति को एंबुलेंस में उपचार के लिए हमीरपुर भेज दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।