धमरोल पंचायत के जोल गांव में पानी के टैंक पर बैठा तेंदुआ। स्रोत जागरूक पाठक
भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत धमरोल पंचायत के जोल गांव में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाल ही में रात के समय गांव में स्थित पेयजल टैंक के पास तेंदुआ दिखाई देने के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है।
आबादी के आसपास तेंदुए के घूमने की सूचना से ग्रामीण बच्चों, बुजुर्गों और पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ रात के समय पेयजल टैंक के समीप दिखाई दिया। अंधेरा होने के बाद लोग घरों से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।
तेंदुए के गांव के नजदीक पहुंचने से पशुपालकों की चिंता भी बढ़ गई है। गांव में कई परिवार पालतू पशुओं को घरों के आसपास रखते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि यदि तेंदुआ लगातार आबादी वाले क्षेत्र के आसपास घूमता रहा तो किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहेगी।
उन्होंने वन विभाग से तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ जोल गांव में जल्द पिंजरा लगाने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
कोट
वन विभाग स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। जरूरत पड़ने पर गांव में पिंजरा लगाया जाएगा। रात के समय अनावश्यक रूप से अकेले बाहर न निकलें और बच्चों को अंधेरा होने के बाद अकेले बाहर न भेजें। तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
-सुनील कुमार, वन खंड अधिकारी भोरंज