लदरौर (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत करहा के बुठबीं टांगरे में रविवार तड़के तेंदुए ने एक भैंस को मार डाला। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ इन दिनों अपने दो शावकों के साथ अपर और लोअर करहा के खेतों में लगातार दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुए की मौजूदगी से महिलाओं को घास और पशुओं के लिए चारा लाने में डर लग रहा है, जबकि किसान भी खेतों में खाद डालने और अन्य कृषि कार्य करने से कतरा रहे हैं।
सुबह-शाम खेतों और जंगल की ओर जाने वाले लोगों में भी भय बना हुआ है। ग्रामीणों ने बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है। साथ ही वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी रखने और उसे आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की है।