नादाैन (हमीरपुर)। जिले के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक क्षमता मजबूत करने के लिए 17 अगस्त से विशेष कक्षाएं शुरू होंगी। छह शिक्षा खंडों के उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में सीखने में सुधार कार्यक्रम के दूसरे चरण के तहत प्रतिदिन 45 मिनट की कक्षा लगेगी।
यह कार्यक्रम 12 सप्ताह तक सुबह 9 से 9:45 बजे तक चलेगा। विशेष कक्षा में विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरत के अनुसार गणित, अंग्रेजी और हिंदी की आधारभूत अवधारणाओं को मजबूत किया जाएगा।
छठी से दसवीं कक्षा तक सप्ताह में गणित के तीन, अंग्रेजी के दो और हिंदी का एक विशेष पीरियड निर्धारित किया गया है। जिन स्कूलों में एक शिक्षक एक से अधिक कक्षाओं में एक ही विषय पढ़ाता है, वहां प्रधानाचार्य या मुख्याध्यापक के परामर्श से विषयवार पीरियड का क्रम बदला जा सकेगा।
शिक्षक की उपलब्धता के अनुसार किसी विषय के पीरियड की संख्या घटाई-बढ़ाई जा सकती है, लेकिन प्रत्येक कक्षा को गणित, अंग्रेजी और हिंदी के लिए सप्ताह में संतुलित अवसर देना होगा।
शिक्षकों को कक्षाओं के दौरान संकल्प पुस्तिका और शिक्षक पुस्तिका का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति का रिकॉर्ड भी रखा जाएगा।
कोट
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाना है। विद्यालयों में उपलब्ध शिक्षकों और संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सहयोग दिया जाएगा।
-नवीन कुमार, उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (गुणवत्ता) एवं जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा