हमीरपुर। सदर थाना के तहत कोठी गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक पक्ष की ओर से कोठी निवासी सुनीला ने शिकायत में आरोप लगाया कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे दुकान से सामान लेकर लौटते समय उसके देवर और ससुर ने लोहे की प्लेट लगाकर रास्ता रोक दिया और कारण पूछने पर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर पहुंचे उसके पति के साथ भी मारपीट की गई।
वहीं, दूसरे पक्ष के संजीव कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया कि रास्ते के विवाद में उसके भाई और भाभी ने उस पर जानलेवा हमला किया। उसने बताया कि बचने के लिए खेतों की ओर भागने के बावजूद दोनों वहां तक पहुंच गए। संजीव के अनुसार, वह हृदयरोगी है और मारपीट में उसकी टांग में चोट आई है।
एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।