शहरभर में जगह न मिलने से कार्य नहीं हो पा रहा था शुरू
स्टेडियम निर्माण कार्य के लिए चार बार हो चुका है सर्वे
सीएम सुक्खू ने कार्य के लिए 35 लाख रुपये का बजट किया है जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला मुख्यालय में इंडोर स्टेडियम के निर्माण कार्य के लिए अब लाहड़ में भूमि का सर्वे किया गया है। पूर्व में जगह न मिलने के कारण विभागीय अधिकारियों को परेशानी हो रही थी। अब प्रशासन की ओर लाहड़ में पांच कनाल भूमि के सर्वे के निर्देश जारी किए हैं। सर्वे कार्य के दौरान यदि विभाग को भूमि की उपलब्धता हो जाती है तो शीघ्र कार्य शुरू कर दिया जाएगा। 20 फरवरी के संस्करण में इस सिलसिले में समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका विभाग और प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया है। सर्वे रिपोर्ट खेल विभाग हमीरपुर की तरफ से निदेशालय प्रेषित कर दी गई है।
वर्तमान में भूमि न मिलने से स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। विभागीय अधिकारी जमीन न मिलने के कारण कार्य शुरू कराने में विफल हो रहे हैं। निर्माण कार्य के लिए मिले बजट के लैप्स होने का खतरा बना हुआ है। इससे युवाओं का इंडोर स्टेडियम निर्माण कार्य का सपना पूरा नहीं हो पाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गृह जिला हमीरपुर के दौरे के दौरान जिला मुख्यालय में इंडोर स्टेडियम निर्माण कार्य करने की घोषणा की थी। निर्माण कार्य को लिए उन्होंने खेल विभाग को 35 लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया है। कार्य को लेकर विभागीय अधिकारी चार बार सर्वे कर चुके हैं लेकिन सर्वे के दौरान भूमि न मिलने से निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही हैं। अब जिला प्रशासन ने विभाग को लाहड़ में पांच कनाल भूमि पर सर्वे करने के निर्देश जारी किए हैं लेकिन इंडोर स्टेडियम के निर्माण कार्य के लिए 10 कनाल भूमि का होना आवश्यक है। स्टेडियम में खिलाड़ियों को वर्षभर खेल सुविधाएं मिलेंगी।
ब्यान:
लोक निर्माण विभाग को इंडोर स्टेडियम निर्माण के लिए 35 लाख रुपये की राशि भेज दी है। विभागीय अधिकारी ने निर्माण कार्य को लेकर लाहड़ में सर्वे किया है। सर्वे की रिपोर्ट निदेशालय प्रेषित की गई है। स्टेडियम का निर्माण होने से खिलाड़ियों को सभी खेल सुविधाएं मिलेंगी।
विवेक, कार्यकारी जिला खेल अधिकारी हमीरपुर।
पूर्व ट्राला यूनियन के पास इंडोर स्टेडियम निर्माण को लेकर भूमि चयनित की गई थी लेकिन भूमि कम होने से भूमि का चयन नहीं हो पाया। अब शहर में लाहड़ में भूमि का सर्वे किया जा रहा है। साइट फाइनल होते ही शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
संजय कटोच, एसडीओ लोनिवि हमीरपुर।