बड़सर (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर से कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष चंद ढटवालिया ने सोमवार को विभिन्न नुक्कड़ सभाएं की। उन्होंने धबीरी, बड़ा ग्राम, महाराल, विझड़ी, दंदवीं, कोटला, सकरोहा और बीड़ू में लोगों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी इंद्रदत्त लखनपाल पर खूब सियासी निशाने साधे।
उन्होंने कहा कि इंद्रदत्त लखनपाल को जनता नहीं बल्कि अपने विकास से सरोकार था। वह कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर जनादेश लेकर आए, लेकिन पार्टी से धोखा किया। इस धोखे की सजा उन्हें बड़सर की जनता उपचुनावों में हार के रूप में सुनाएगी। बड़सर विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को आयोजित कांग्रेस प्रत्याशी की नुक्कड़ सभाओं में पूर्व विधायक मंजीत डोगरा, तिलक राज, कांग्रेस नेता कमल पठानिया, धर्म सिंह, जगत राम, दीपक शर्मा, बटन सिंह, कमल, विनोद चंदेल, निक्का राम, कुलदीप सिंह उपस्थित रहे।
आज रोड शो करेंगी प्रियंका गांधी
हमीरपुर कांग्रेस के जिला महासचिव पवन कालिया ने कहा कि मंगलवार को कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी रोड शो करेंगी। इस रोड शो की तैयारियों को लेकर बड़सर कांग्रेस प्रभारी कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने व्यवस्थाओं को जांचा। उन्होंने कहा कि यह रोड शो गारली चौक मैहरे से डेढ़ बजे शुरू होगा और बड़सर में समाप्त होगा। इसमें सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू, राजेश धर्माणी, कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष ढटवालिया विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।