भवन निर्माण पर खर्च हो रहा करीब 40 लाख रुपये का बजट
पांच साल पहले बनी लझयाणी पंचायत के पास नहीं है अपना भवन
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। भोरंज उपमंडल की लझयाणी पंचायत के भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। भवन निर्माण करीब 40 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। प्रथम किस्त के रूप में करीब 20 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। तीन से चार महीनों के भीतर इस कार्य को संपन्न करने का लक्ष्य रखा गया है। अब पंचायत को अपनी बैठकों सहित अन्य आयोजन के लिए भवन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। करीब पांच साल पहले बनी लझयाणी पंचायत के पास अभी तक अपना भवन नहीं है। पांच साल से पंचायती कार्य युवक मंडल के भवन से हो रहे हैं। कई बार कार्य करने में दिक्कतें पेश आती हैं। बैठक के लिए अन्य कोई स्थान उपलब्ध नहीं है। अब इन दिक्कतों का समाधान हो जाएगा। युवक मंडल के भवन के समीप ही पंचायत भवन का कार्य जारी है।
भवन की छत डाली जा चुकी है। शेष कार्य भी तीव्र गति से जारी हैं। उधर ग्राम पंचायत लझयाणी की प्रधान वीना देवी और उपप्रधान सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि पंचायत को जल्द ही अपना भवन मिल जाएगा। निर्माण पर लगभग 40 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि भवन का कार्य शीघ्र ही पूर्ण हो जाएगा। ऐसे में जल्द ही ग्राम सभा की बैठकें नई भवन में आयोजित की जा सकेंगी।