नादौन(हमीरपुर)। उपमंडल नादौन में शहर से गुजर रहे निर्माणाधीन फोरलेन पर साइन बोर्ड न होने के कारण बाहर से आने वाले वाहन चालकों को ज्वालामुखी की ओर जाने में परेशानी हो रही है। इससे विशेषकर रात के समय अधिक असुविधा होती है।
स्थानीय लोगों में राजेश्वर सिंह परिहार, संदीप अवस्थी, अरविंद डोगरा, अजय शर्मा, आशु मेहरा ने बताया कि रात के अंधेरे में गूगल मैप के सहारे चलने वाले वाहन चालक शहर के पुराने बाजार तक पहुंच जा रहे हैं। अंब और हमीरपुर की ओर से आ रहे वाहन चालक बाघनाला से फोरलेन होते हुए गुरुद्वारा की ओर मुड़ रहे हैं। व्यास नदी पर बन रहे पुल के कारण वाहन चालक पुराने बाजार में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे बाजार की दुकानों के पास असुविधा पैदा हो रही है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि रात के समय ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं, क्योंकि जिन वाहन चालकों को रास्ता नहीं पता होता, उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने फोरलेन अधिकारियों से आग्रह किया है कि नादौन के निकट गगाल और व्यास नदी के दूसरी ओर इस फोरलेन बाईपास के मुहानों पर उचित साइन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि बाइपास के पूरी तरह आरंभ होने तक कोई भी वाहन चालक भटक न सके।
वहीं, एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने कहा कि शीघ्र ही विभागीय अधिकारियों से बातचीत करके समस्या का समाधान किया जाएगा, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। संवाद