मैहरे (हमीरपुर)। बड़सर में अब फास्ट फूड का स्वाद लेने के लिए लोगों को पहले से अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। फास्ट फूड विक्रेताओं ने मोमो, चाउमिन, बर्गर, स्प्रिंग रोल, पास्ता, मंचूरियन और फ्राइड राइस समेत अन्य फास्ट फूड आइटम के दाम बढ़ा दिए हैं।
खासकर मोमो और चाउमिन की फुल प्लेट पर सीधे 10-10 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। दुकानदारों के इस फैसले का असर अब बाजार में स्पष्ट रूप से दिख रहा है। पिछले कुछ दिनों से व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
इसके अलावा खाद्य तेल, सब्जियां, मसाले, मैदा और अन्य जरूरी सामान भी महंगे हो गए हैं। ऐसे में फास्ट फूड दुकानदारों के लिए पुराने रेट पर कारोबार करना मुश्किल हो गया है।
फास्ट फूड विक्रेताओं के अनुसार, गैस सिलेंडर का खर्च हर महीने लगातार बढ़ रहा है और अगर कीमतें नहीं बढ़ाई गईं, तो दुकान का खर्च निकालना भी मुश्किल हो जाएगा।
विक्रेताओं ने यह भी बताया कि केवल गैस ही नहीं, बल्कि हर प्रकार के कच्चे माल की कीमतें बढ़ चुकी हैं।
-
सिलिंडर के साथ-साथ तेल और अन्य पदार्थों के दाम बढ़ने से घाटा सहना पड़ रहा है। ऐसे में अब दाम बढ़ाना जरूरी हो गया था। हमने बहुत कम दाम बढ़ाए हैं, ताकि ग्राहकों की जेब पर अधिक बोझ न पड़े।
-रजनीश कुमार, फास्ट फूड संचालक, मैहरे
रिफाइंड तेल और गैस सिलिंडर के अलावा दुकानों का किराया, कर्मचारियों का वेतन निकालना मुश्किल हो गया है। ऐसे में दाम बढ़ाना जरूरी था। सिलिंडर के पहली बार दाम एक हजार रुपये तक बढ़े हैं।
-राजीव वर्मा, फास्ट फूड संचालक, मैहरे
राजीव वर्मा, फास्ट फूड संचालक मैहरे