उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री संबोधित करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेले का वीरवार को विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बासा विश्राम गृह से मेले के स्थल तक पारंपरिक अंदाज में बैंड-बाजे के साथ अंतिम जलेब निकाली गई। रंग-बिरंगी पगड़ियों में सजे उपमुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोग इस जलेब में शामिल होकर मेला स्थल तक पहुंचे। ख्योड़ नलवाड़ मेला नाचन क्षेत्र की पुरानी सांस्कृतिक और ग्रामीण परंपराओं से जुड़ा आयोजन है। इस वर्ष मेले का आगाज भी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ था।
पेयजल के लिए 1 करोड़ रुपये की घोषणा
समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जल शक्ति विभाग को 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इस राशि से पाइपें और नल लगाने, पानी के टैंक बनाने तथा फिल्टर बेड तैयार करने जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने बासा पंचायत के लिए 10 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
एम्स के लिए बस सुविधा का आश्वासन
उपमुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों को एम्स के लिए बस सुविधा उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही गोहर और चैलचौक में बस अड्डे के निर्माण की बात भी कही। क्लस्टर विश्वविद्यालय में कक्षाएं शुरू करवाने को लेकर भी उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति से बातचीत करने का आश्वासन दिया।