महिलाओं ने चांद को अर्घ्य देकर पूरा किया व्रत
अवाहदेवी माता मंदिर में आयोजित जागरण में पहुंचीं महिलाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिलाभर में रविवार को करवाचौथ का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुहागिनों ने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा और पति की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान पतियों ने भी अपनी पत्नियों को आशीर्वाद दिया। रविवार सुबह से सुहागिनें सज धज कर करवाचौथ व्रत की तैयारी के लिए जुटी रहीं। मेहंदी लगाने वालों की दुकानों पर काफी भीड़ रही। महिलाओं ने एकत्रित होकर थाली बदलने की रस्म निभाई। सुुंदर परिधानों में सजी महिलाओं में व्रत को लेकर काफी उत्साह रहा। महिलाओं ने पूजा अर्चना कर पति की लंबी उम्र की कामना की। करवाचौथ व्रत पर कई जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं ने इसके लिए खूब खरीदारी भी की। अवाहदेवी मंदिर परिसर में इस वर्ष भी पवित्र पर्व करवाचौथ धूमधाम से मनाया गया। सुहागिनों ने अवाहदेवी माता से अपने-अपने सुहाग की लंबी उम्र के लिए आशीर्वाद लिया और पंडाल में चल रहे जागरण में माता के भजनों पर भी खूब थिरकीं। रविवार को करीब 4 हजार महिलाओं ने मंदिर में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। सुबह नौ बजे से जगराता आरंभ हुआ। यहां पर बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाओं ने माता के दर्शन किए और मां का आशीर्वाद लिया। अपने पति की लंबी उम्र और घर में सुख-शांति और अविवाहित कन्याओं ने माता से अच्छे वर की कामना की। निर्जला होने पर भी महिलाओं के जोश में कोई कमी नहीं आई। जगराते में महिलाओं ने नृत्य किया। हर साल मंदिर में करवाचौथ के उपलक्ष्य पर जगराते का आयोजन किया जाता है। शाम चार बजे आरती के उपरांत जगराते का समापन हुआ। उसके बाद महिलाएं अपने घरों की ओर लौट गईं। जिले में 7.48 बजे के बाद महिलाओं को चांद के दीदार हुए। इसके बाद महिलाओं ने अन्न-जल ग्रहण किया। महिलाओं सुनैना, तृप्ता देवी, सुनीता देवी, कृष्णा देवी, रेखा देवी, बीना देवी आदि ने कहा कि करवाचौथ का व्रत धूमधाम से मनाया।
बाक्स:
प्रतियोगिताओं से महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा
जाहू (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत भकेड़ा के बेहड़वीं जट्टा गांव में भोरंज महिला कांग्रेस ने करवाचौथ पर्व पर समारोह आयोजित किया। यह समारोह पूर्व जिला परिषद संगीता पंडित की अध्यक्षता में हुआ। इसमें प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह में भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। महिलाओं ने मेहंदी लगवाई और कुर्सी दौड़, नींबू दौड़, चम्मच दौड़ और मटका फोड़ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। भोरंज ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता पंडित ने कहा कि विधायक सुरेश कुमार ने सभी बहनों को 5000 रुपये की राशि प्रदान की। इसे सभी बहनों ने समारोह का खर्च किया। इस दौरान भकेड़ा पंचायत प्रधान करणवीर सिंह, उपप्रधान सुरेंद्र सिंह ,पूर्व प्रधान सुखराज सिंह, रत्न चंद, महिला कांग्रेस सदस्य सुशीला, इंदु, रिंकी, राजकुमारी व सविता मिन्हास उपस्थिति रहीं।