संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। ऐतिहासिक सुजानपुर मैदान की सुंदरता को कांगड़ा पेंटिंग्स चार चांद लगाएंगीं। मैदान की चहारदीवारी में पेंटिंग्स लगाई जाएंगी। सुजानपुर प्रशासन कांगड़ा शैलियों की चित्रकारी से सुसज्जित पेंटिंग्स को लगाने जा रहा है।
कुछ पेंटिंग्स को सुजानपुर होली मेले से पहले लगाने की योजना है। पेंटिंग्स यहां आने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेंगी। पेंटिंग्स बनाने के लिए कलाकारों को कार्य सौंप दिया है।
सुजानपुर महाराजा संसार चंद की नगरी है। यहां पर काफी संख्या में धार्मिक स्थल भी हैं। बच्चे किताबों में महाराजा संसार चंद के बारे में पढ़ते हैं। अब यह जानकारी उन्हें पेंटिंग्स के माध्यम से दर्शाई जाएगी। अगले माह सुजानपुर में राष्ट्र स्तरीय होली मेला शुरू होने वाला है। होली मेले के दौरान काफी संख्या में लोग सुजानपुर आएंगे। इन लोगों को सुजानपुर के इतिहास के साथ-साथ, सुजानपुर में कौन-कौन से प्रसिद्ध स्थान हैं, कांगड़ा पेंटिंग्स से तमाम जानकारियां आसानी से मिलेंगी।