हमीरपुर। प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव कृष्ण लाल ने हाल ही में सोलन में आयोजित चुनाव को अवैध करार दिया है। एसोसिएशन की ओर से सोमवार को हमीरपुर के सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि इस चुनाव में नियमों को ताक पर रखकर केवल औपचारिकता निभाई गई।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपदा के कारण कई जिलों से पदाधिकारी चुनाव प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए। चुनाव से पहले विश्राम गृह सोलन में प्रदेश प्रधान और अन्य पदाधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान निर्देश दिए गए थे कि सभी जिलों के प्रतिनिधि और उनके दस्तावेज जांचने के बाद ही चुनाव कराना होगा। मगर चुनाव प्रक्रिया बिना नियमों का पालन किए पूरी करवाई गई।
कृष्ण लाल ने कहा कि प्रदेश प्रधान द्वारा नियुक्त अधिकारी ने पुरानी कार्यकारिणी को भंग किए बिना सीधे चुनाव शुरू कर दिया। विरोध के बाद उन्हें मंच पर बुलाया गया और तुरंत प्रभाव से चुनाव रद्द कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन का चुनाव केवल तब ही नियमानुसार होगा जब सभी जिलों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर कबड्डी एसोसिएशन हमीरपुर के महासचिव पूर्ण सिंह कटोच भी उपस्थित रहे।